Sunday, 7 February 2010

रचना आज : पांच कवियों पर केंद्रित किताब


कवि लीलाधर मंडलोई ने हिंदी के पांच कवियों पर एकाग्र पुस्‍तक 'रचना आज' संपादित की है। विश्‍व पुस्‍तक मेले में प्रकाशक अनुभव प्रकाशन के स्‍टाल पर कल शाम वरिष्‍ठ आलोचक डॉ. विश्‍वनाथ त्रिपाठी और वरिष्‍ठ कथाकार डॉ. हेतु भारद्वाज ने इसका लोकार्पण किया। इन पांच कवियों में कुमार वीरेंद्र, नरेश चंद्रकर, शिरीश कुमार मौर्य और मनोहर बाथम के साथ इस खाकसार को भी शामिल किया गया है। इस पुस्‍तक की खास बात यह है कि इसमें संपादक लीलाधर मंडलोई ने तो संपादकीय लिखा ही है, इसके साथ ही प्रत्‍येक कवि पर एक वरिष्‍ठ कवि की टिप्‍पणी भी दी है और हर कवि का वक्‍तव्‍य भी दिया है। कवियों की 11-11 कविताएं भी साथ में हैं। कुमार वीरेंद्र पर कवि आलोचक विजय कुमार, नरेश चंद्रकर पर राजेश जोशी, शिरीश कुमार मौर्य पर पंकज चतुर्वेदी, मनोहर बाथम पर लीलाधर मंडलोई और खाकसार पर कात्‍यायनी ने लिखा है। लोकार्पण के अवसर पर प्रसिद्ध कवि मदन कश्‍यप और कृष्‍ण कल्पित ने पुस्‍तक की तारीफ करते हुए इस काम को महत्‍वपूर्ण बताया। इस अवसर पर उपन्‍यासकार भगवान दास मोरवाल, कथाकार अजय नावरिया, कवि ओम भारती, श्‍याम निर्मम और व्‍यंग्‍यकार फारूक आफरीदी आदि अनेक महत्‍वपूर्ण रचनाकार-साहित्‍यकार मौजूद थे।
कवि मित्रों के लिए आज मैं अपना टूटा-फूटा आत्‍म-वक्‍तव्‍य यहां प्रकाशित कर रहा हूं।

अपनी कविता के बारे में क्या कहें

मेरे भीतर कविता कैसे जनमी, यह शायद बचपन की स्मृतियों को खंगालने से ही समझा जा सकता है। मेरा जन्म ननिहाल में हुआ और बचपन का एक लंबा हिस्सा ननिहाल में ही या उसके इर्द-गिर्द गुजरा। दादा-दादी तो पिता को बचपन में ही छोड़ गए थे, इसलिए ननिहाल ही हमारा सब कुछ था। मेरी नानी दुनिया की तमाम नानियों की तरह कहानियां सुनाया करती थी। एक ही कहानी को बार-बार सुनना एक अद्भुत अनुभव हुआ करता था। नानी को पता नहीं कितनी कहानियां याद थीं। लेकिन कहानियों की तरह उन्हें पारंपरिक शादी-ब्याह, जन्म-मरण जैसे अवसरों के असंख्य गीत भी कंठस्थ थे। नानी की संतान के रूप में मां के अलावा एक बेटा यानी मामा थे, जो मुझसे कोई पंद्रह बरस ही बड़े थे। मुझे नानी की स्मृति पर आश्‍चर्य होता था और मैं कौतुक भाव से नानी की कहानियों की तरह उनके गीत भी सुनता था। उन गीतों की लय आज भी मेरे भीतर कहीं बहती रहती है, हालांकि मुझे गाना नहीं आता। मुझे अब याद कर आश्‍चर्य होता है कि कैसे नानी औरतों के जुटते ही गाना शुरु कर देती थीं और कैसे एक गीत से दूसरे गीत पर चली जाती थी? मेरे लिए कविता का यह पहला संसार था, जिसमें मुझे हमेशा आनंद आता था और आज भी घर-परिवार में कई अवसरों पर गीतों को सुनने का मुझे आत्मीय आनंद मिलता है, क्योंकि मेरी मां को भी नानी की तरह बहुत से गीत याद हैं। गीतों के लालच में मैं अक्सर महिलाओं के आसपास ही भटकता रहता था, इसलिए कई बार मजाक का शिकार भी होता था। मुझे भी बचपन में बहुत से गीत याद हो गए थे और मुझे उन्हें याद कर गुनगुनाना अच्छा लगता था। अंतर्मुखी स्वभाव की वजह से मैं कभी खुलकर नहीं गा पाया और शायद यही वजह थी कि मैं गाना नहीं सीख पाया। क्योंकि घरेलू गीत गायन के आयोजनों में हमारे यहां ढोलक जैसा कोई ताल वाद्य नहीं होता था, इसलिए मुझे सुर की तो समझ आ गई, लेकिन ताल की नहीं आ सकी। आज भी मुझे ताल की कोई समझ नहीं है, सुर की थोड़ी बहुत है।

तो बचपन के इस माहौल में मेरे भीतर कविता के शैशव संस्कार पैदा हुए। मेरे पिता रात में सोते वक्त हमें किस्से-कहानियां सुनाते और कुछ गीत भी। पिता प्रायः भजन सुनाते थे और उनमें महात्मा गांधी का प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’ अवश्‍य होता था। इसके अलावा ‘रामचंद्र कह गए सिया से, ऐसा कलजुग आएगा’ भी प्रायः सुनाते थे। पिता मिल में काम करते थे, फिटर थे और सीटू के मेंबर थे। हमारे घर में ‘लोकलहर’ और ‘मुक्तिसंघर्ष’ पिता लेकर आते थे। एक दैनिक और साप्ताहिक अखबार भी आता था। मां बेहद धार्मिक स्वभाव की हैं, पिता इसके विपरीत सुविधाजनक रास्ता चुनने वाले। धार्मिक पाखण्ड के विरोधी और सहज जीवन दर्शन को मानने वाले। इस तरह मेरी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा हुई। पिता हमें पढ़कर आगे बढ़ते देखना चाहते थे, लेकिन पाठ्यक्रम के अलावा उन्हें सिर्फ अखबार-पत्रिका ही पसंद थे। उनकी डायरी में मैंने चिकित्सा के नुस्खे पढ़े हैं। वे संपादक को पत्र लिखने वाले पाठक हैं। बहरहाल वे इस पर नाराज रहते थे कि मैं स्कूल के अलावा भी किताबें चोरी से पढता हूं, खास तौर पर वे उपन्यासों से चिढ़ते थे। मैं बचपन में तीन-चार घण्टों में एक मोटा उपन्यास समाप्त कर देने वाला पाठक इसलिए था, कि पिता के आने से पहले किसी कोने में बैठकर पढ़ डालता था। ये लोकप्रिय किस्म के उपन्यास होते थे, जो चवन्नी में एक दिन के लिए किराए पर मिलते थे। मैं बचपन में पढ़ी जिस चीज को आज तक पढ़ता हूं वो है भगत सिंह का लेख, ‘मैं नास्तिक क्यों हूं’। इस लेख ने ही मेरे भीतर नास्तिकता ऐसी पैबस्त की कि तमाम व्रत रखने वाला बालक कठोर नास्तिक हो गया।

फिल्मी गीत, लोक गीत और पारंपरिक गीतों ने मुझे हमेशा लुभाए रखा। लेकिन मैं तब भी कविता नहीं लिखता था। मेरे पिता ने मुझे सरकारी स्कूल से निकालकर एक निजी स्कूल में भर्ती करा दिया, क्योंकि मैं पढ़ाई में टोळ था। यहां का अनुशासन बहुत कठोर था। छठी कक्षा में आने पर एक नए अध्यापक आए, गणेश राम गोठवाल। छह फुट लंबे गणेश जी आशु कवि थे। स्कूल में होने वाले समारोहों के लिए विशेष गीत वे तुरंत लिख देते थे। वे हमारी ही जाति के थे और मेरे पड़ौस में ही कमरा किराए पर लेकर रहते थे। एक बार कक्षा में उन्होंने सबसे दो पीरियड की अवधि में कुछ भी लिखने की छूट दी तो मैंने एक काल्पनिक यात्रा का लंबा संस्मरण लिख डाला। इससे गुरुजी पहली बार मुझसे प्रभावित हुए थे और मुझे शाम के वक्त अपने यहां आकर पढ़ने के लिए बुला लिया। घर वालों को कोई एतराज नहीं था। मैं उन्हें गुरू कहने लगा। वे साहित्य में कोविद की उपाधि प्राप्त कर चुके थे और अब जयपुर में अंग्रेजी में बी.ए. कर रहे थे। उनके यहां पाठ्यक्रम के अलावा मैंने दूसरी चीजें भी पढ़ना शुरु कर दिया था। वे हमें हिंदी और संस्कृत पढ़ाते थे। मैं उनकी किताबों में से रोज कुछ पढ़ने लगा। शायद उनके पाठ्यक्रमों की किताबें थीं। उनमें अंग्रेजी साहित्यकारों को हिंदी माध्यम से पढ़ा, यानी टेक्स्ट को हिंदी में पढ़ा। कीट्स, शैली, बायरन, मिल्टन, शेक्सपीयर आदि कई रचनाकारों को मैंने पढ़ डाला था। मुझे गद्य लिखने में अब और मजा आने लगा था। हिंदी के सवालों के रचनात्मक ढंग से जवाब देने लगा था, शायद गुरुजी को प्रभावित करने के लिए और उनका कृपापात्र बने रहने के लिए। कैशोर्य के उन दिनों में कक्षा में सब कविताएं लिखते थे और मैं गद्य। मुझे तुक मिलाने में कोफ्त होती थी, लेकिन काव्याभ्यास के लिए या गुरुजी की प्रेरणा से कभी-कभार कुछ कवितानुमा लिख लेता था। गुरुजी ने कहा अतुकांत ही लिख लिया करो। तो एक नया रास्ता मिल गया। प्राइवेट स्कूल आठवीं तक ही था, इसलिए फिर सरकारी स्कूल में दाखिला लेना पड़ा। गुरुजी वहीं रहते थे। उनके पास जाना बंद नहीं हुआ।

इस बीच पिता की मिल में तालाबंदी हो गई और हम भयानक आर्थिक संकट में आ गए। गुरुजी ने कमरा छोड़ दिया और हमारे घर रहने लगे। किराए-खाने के बदले कुछ देने लगे। मैं कॉलेज पहुंचने तक किताबी कीड़ा हो चुका था। जो भी मिलता पढ़ डालता था। दूर दराज के गांवों में अपने मित्र और रिश्‍तेदारों को लंबी चिट्ठियां लिखने लगा था। इस तरह मेरा लिखना चलता रहा। एक बार गर्मियों की छुट्टियों में एक जासूसी उपन्यास के तीन सौ पेज लिख डाले थे। फिर कथानक इतना गड़बड़ा गया कि उसे अधूरा छोड़ना पड़ा। कुछ कहानियां लिखीं। इंदिरा गांधी की हत्या से मैं बेहद विचलित हुआ और एक कविता के रूप में कुछ लिखा, जो गुरुजी ने इतना दुरुस्त कर दिया कि वह कॉलेज की पत्रिका में प्रकाशित हुआ तो मुझे सिर्फ नाम छपने की खुशी हुई। लगा कि इसमें मेरा खुद का तो कुछ ही नहीं। अगले साल कॉलेज की पत्रिका में जब कहानी प्रकाशित हुई तो बेहद खुशी हुई, क्‍योंकि यह मेरी अपनी रचना थी। फिर अपनी रचनाएं अखबारों को भेजने लगा, लेकिन अखबारों में मेरी कहानियों की कोई पूछ नहीं थी। मुझे लगा कि कहानी पर इतनी मेहनत करनी पड़ती है और कोई प्रकाशित ही नहीं करता। फिर मुझे साहित्यिक पत्रिकाओं का पता चला और मैंने जब ये पत्रिकाएं पढ़ना प्रारंभ किया तब पता चला कि इस वक्त किस तरह का लेखन चल रहा है। मैंने अपनी कहानियों को बहुत संक्षिप्त करते हुए उन्हें नई कविता में लिखने की कोशिश की। पत्रिकाएं पढ़ने की प्रक्रिया में धीरे-धीरे मेरा झुकाव कहानी से कविता की ओर बढ़ गया। प्रगतिशील लेखक संघ की गोष्ठियों में जाने लगा। लेखकों से संपर्क बढ़ने लगा और इसी बीच प्रेम के अंकुर फूटने लगे। प्रेम सभी को कवि बना देता है। मैंने पहले प्रगतिशील विचारों को आधार बनाकर अपने निजी अनुभव संसार को कविता में उतारा और फिर प्रेम कविताओं की ओर बढ़ा। प्रगतिशील चेतना अब तक मुझे इतने संस्कार दे चुकी थी कि प्रेम कविताओं में भी मैं संसार के दुख, दर्दों को नहीं भूल सका।

इस पृष्ठभूमि में मेरी काव्य यात्रा की शुरुआत हुई। मैं कभी भी तय करके कविता नहीं लिखता कि इस विषय पर कविता लिखनी है। प्रारंभ में जरूर इस तरह की कोशिश की, अब तो कविता ही मुझ तक आती है। कहानियों से कविता की ओर आने के कारण मेरी कविताओं में चरित्रों की प्रधानता रही है। बहुत सी कविताएं ऐसी हैं, जिन पर मैं कहानी लिख सकता था, लेकिन मुझे लगा कि कविता में उस चरित्र को ज्यादा अच्छे ढंग से लिख सकता हूं, सो कविता में ही पूरा चरित्र उतार दिया। लोगों से मिलना और उनसे बतियाते हुए उनके चरित्र के किसी खास पहलू को कविता में मैं किसी ना किसी रूप में ले आता हूं। कहानियां लिखने के दौर में मैंने चरित्रों का अध्ययन करना जो शुरु किया था, वो शगल आज भी जारी है। मैं बस में, राह चलते, व्यर्थ घूमते हुए लोगों का, उनके व्यवहार को बहुत बारीकी से देखता और नोट करता हूं। समसामयिक घटनाओं को निरंतर कई कोणों से विश्‍लेषित करना मेरे एकांत का प्रिय शगल है, इससे मैं अपने आपको एक तर्कशील मनुष्य बनाए रखता हूं। यह संभवतः मार्क्‍सवाद के अध्ययन का नतीजा है। मैं जब इस क्षेत्र में सक्रिय हुआ था तो सब लोग द्वंद्वात्मक और ऐतिहासिक भौतिकवाद की बात किया करते थे। मैंने हिंदी और अंग्रेजी में इस विषय पर कई किताबें पढ़ीं, लेकिन कुछ समझ में नहीं आया। आखिर कहीं से मुझे स्टालिन की एक छोटी पुस्तिका मिली, जिससे मैं पहली बार में ही समझ गया कि द्वंद्वात्मकता आखिर है क्या? बाद में मैंने इस पुस्तिका को कोई बीसियों बार पढ़ा और अपने भीतर इसे गहरे पैबस्त कर लिया। आज मुझे उस पुस्तिका का एक वाक्य भी याद नहीं है लेकिन वो चेतना में इस कदर पैठी है कि किसी भी घटना का विश्‍लेषण करने में मेरी मदद करती रहती है। मेरा मानना है कि एक कवि को कविता में तार्किक होना चाहिए। हिंदी कविता में इतना कुछ अतार्किक लिखा जा रहा है कि कई बार गुस्सा आता है, जब प्रयोग या चमत्कारिक प्रभाव के नाम पर अवैज्ञानिक बातें कह दी जाती हैं और सराही भी जाती हैं।

मैं कई बार महीनों तक कविता नहीं लिखता और कई बार ऐसा भी हुआ है कि एक ही रात में बीस-पच्चीस कविताएं लिखी गईं। सायास तो मुझे गद्य ही लिखना पड़ता है, कविता स्वतः चली आती है। चिंतन की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है और जब कोई विचार पूरी तरह पक जाता है तो वह कविता में व्यक्त हो जाता है। मेरी कवि मानसिकता को मैं एक रूमानी भावभूमि के रूप में देखता हूं, जिसमें किसी भी चीज को बेहद आत्मीयता के साथ आत्मसात करते हुए मैं उसे निजी और सार्वजनिक दोनों एक साथ बना देता हूं। इसमें कई बार सफल होता हूं और कई बार असफल भी। चीजों का मानवीकरण करना मेरी प्रिय रूचि है और यह परंपरा से निसृत बोध है, जो ऋग्वेद की ऋचाओं से चलकर कई कवियों की कविताओं से पढ़कर मैंने अर्जित किया है। मिथक और इतिहास मुझे प्रिय है, लेकिन वो कविता में एक समकालीन उपस्थिति के रूप में आते हैं। जब मैं आधुनिक जल प्रबंधन को देखता हूं तो मुझे इतिहास में नष्ट हुई नदी-घाटी सभ्यताएं हाल की घटनाएं लगती हैं, और हरसूद भी मोहंजोदड़ो के काल का लगता है। मैं घनघोर नास्तिक आदमी हूं, इसलिए मेरी कविताओं में उम्मीद सिर्फ मनुष्य के कर्म या प्राकृतिक शक्तियों से ही मिलती है। जयपुर के मूर्तिकारों के मोहल्ले को बरसों देखने के बाद मैंने ‘मूर्तिकार’ काव्य-त्रयी लिखी। उसका प्रारंभ इस प्रकार होता है-

ध्यान से सुनो
छैनी हथौड़े का यह संगीत
खो जाओ
मेहनत और कारीगरी की इस सिम्फनी में

एक आदमी
तराश रहा है विधाता को

मेरा बचपन जिन इलाकों में बीता वहां मुस्लिम आबादी बहुत थी। मेरे बहुत-से दोस्त मुस्लिम हैं और मेरे पिताजी के भी। हमारा उन परिवारों से घरेलू रिश्‍ता है। बहुत से ऐसे घरों में पहले शादी के मौके पर तवायफें आती थीं और गजल, कव्वाली की महफिलें हुआ करती थीं। मेरी काव्य मानसिकता पर उस वक्त की कव्वालियों का गहरा असर है। सूफियाना कलाम आज भी संगीत में मेरी पहली पसंद है। मुझ जैसे नास्तिक को इसीलिए कविता में चीजों का मानवीकरण करना अच्छा लगता है। मेरे अवचेतन में बारहवीं कक्षा में पढ़े गए मीर और ग़ालिब के दीवान गहरे बसे हुए हैं, जब मैंने ग़जलनुमा कई कविताएं लिखकर एक पूरी कॉपी भर दी थी। मेरी याददाश्‍त बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन मैं उसकी कमी इस तरह पूरी करता हूं कि बचपन से ही किसी भी चीज को गहराई से अपने मस्तिष्क में गहरे से उतार लेता हूं, जो समय आने पर किसी ना किसी रूप में प्रकट हो ही जाता है। बहुत संभव है मेरी कविताओं में ऐसे कवियों की काव्य पंक्तियों का प्रभाव आ गया हो। ग़ालिब और मीर के अध्ययन का एक प्रभाव मेरी चेतना पर यह पड़ा कि मेरी कविताएं सहज बनी रहीं। भाषाई दुराग्रहों से दूर, एक किस्म की हिंदुस्तानी भाषा में रची बसी। मैंने कभी सायास कोशिश नहीं की कि कविता में शब्द किस भाषा से आ रहे हैं, हिंदी, उर्दू और राजस्थानी तीनों मेरे लिए सहज हैं। मेरी कविताओं में अगर कोई भौगोलिकता की जांच करे तो उसमें रेतीले रेगिस्तान की व्यापक छवियां दिखाई देंगी, क्योंकि मरुस्थल मेरी चेतना में गहरे बसा हुआ है। हमारा पुराना घर रेत के एक टीले के साये में था और दूर-दूर तक रेत ही रेत थी, जिसमें खेलते हुए मेरा बचपन बीता।

लिखने के बाद मैं अपनी कविताओं को लंबे समय के लिए भूल जाता हूं। जब कभी वक्त मिलता है पलटकर देखता हूं और उन पर कई दृष्टिकोणों से विचार करता रहता हूं। जब अपने लिखे शब्दों से मोह नहीं रह जाता, मैं उनका संपादन करने लगता हूं और यह प्रक्रिया खासी लंबी चलती है। कई बार कोई कविता मुझे दस बरस बाद पूर्ण लगती है। मेरी प्रकाशित कविताओं से कहीं अधिक अप्रकाशित कविताएं हैं, क्योंकि मैं कविताओं के प्रकाशन को लेकर बहुत ही सशंकित रहता हूं। मुझे जब तक नहीं लगता कि कोई कविता पूरी तरह पाठकों के लिए उस रूप में तैयार नहीं हुई है, मैं प्रकाशन तो दूर उसका पाठ भी नहीं करता। स्वभाव से मैं आज भी बहुत संकोची हूं और कविताओं के मामले में तो इस कदर कि अपनी कविता की डायरी कई बार जानबूझकर भूल जाता हूं। मुझे कविता सुनाना तभी आनंददायक लगता है जब अपनी कविताओं को लेकर बहुत गहरी आश्‍वस्ति हो कि इन कविताओं को सुनाने से मेरी कवि छवि पर कोई गलत असर नहीं पड़ेगा और लोगों को ये पसंद आएंगी। और सुनाते वक्त मैं इस बात का खयाल रखता हूं कि पाठ अच्छा हो। मेरा पाठ सुधारने में रंगमंच के साहचर्य का भी योगदान है। राजेश जोशी और कृष्‍ण कल्पित जैसे कवियों का पाठ सुनकर भी खुद को बहुत सुधारा है मैंने, फिर भी लगता है कि मैं अपनी कविताओं का कोई बहुत अच्छा पाठ नहीं करता।

मैं जब कविता नहीं लिख रहा होता तो गद्य लिखता हूं। आजकल तो मांग पर भी लिखना पड़ता है, इसलिए कई बार गद्य में ही काव्य का प्रभाव पैदा करने का प्रयत्न करता हूं। अखबारी लेखन ने एक चीज सिखाई कि सहज और सरस लेखन ही पाठक को प्रभावित करता है, इसलिए मेरी कविता में भी यह चीजें आईं। मैं अखबारी लेखन इसलिए भी करता हूं कि एक बड़े समुदाय तक अगर आपको पहुंचना है, आपके विचारों को ले जाना है तो उन माध्यमों का प्रयोग करना ही चाहिए, क्योंकि आखिरी मकसद तो यही है ना कि ज्यादा से ज्यादा आम लोगों तक अपनी बात पहुंचाएं। एक सच्चे वामपंथी रचनाकार का काम पहले जनता को शिक्षित करना और फिर अपनी रचना पहुंचाना होता है।

लड़कियां, स्त्रियां, बच्चे, मजदूर, कामगार, दलित, वंचित, अल्पसंख्यक और प्रकृति मेरे लिए कविता में पहली प्राथमिकता पर हैं। मैं भव्यता पर नहीं अभावों पर कविता लिखता हूं, क्योंकि मेरा जीवन बेहद अभावों में बीता है। मैं बचपन में जिस निजी स्कूल में पढ़ता था, उसका मालिक-हैडमास्टर मेरे जैसे दलित विद्यार्थियों को बहुत पीटता था और यह भविष्यवाणी करता था कि तुम जिंदगी में होटल में कप-प्लेट धोने से बड़ा काम नहीं कर सकते, क्यों वक्त बर्बाद कर रहे हो पढ़ाई में? मुझे लगता है कि मैं उसकी भविष्यवाणी को दूसरी तरह सही सिद्ध कर रहा हूं। समाज में कितनी गंदगी भरी पड़ी है चारों तरफ, उसकी सफाई कौन करेगा? अगर मेरी कविता इस गंदगी का एक अंश भी साफ कर सके तो इसी में मेरी कविता की सार्थकता होगी। मुझे लोगों से बहुत प्यार है फिर वो चाहे भारत के हों या बाहर के, मैं अपनी कविताओं में उन सबके दुख दर्द, सुख दुख की बातें करना चाहता हूं।

Thursday, 4 February 2010

घूंघट खोल, बढ़के बोल

महिलाओं के सफल शासन की हाल की झांकी से जाहिर है कि आने वाले दौर में घूंघट की घबराहट नहीं, हौसले के बोल सुनने को मिलेंगे।

देश करवट ले रहा है। यह सही है कि पंचायती शासन में अब तक ग्रामीण महिलाओं के नाम पर पुरूषों ने ही शासन किया है। लेकिन जिसने भी झिझक छोडकर सक्रियता दिखाई, उसने पुरूषों से बेहतर काम करके दिखाया। महिलाओं का आरक्षण 33 फीसदी से 50 फीसदी करने का प्रस्ताव आया, तो महिलाओं ने भी ठान लिया कि वे गांव के विकास में भागीदार बनकर दिखाएंगी। अब अनेक महिलाएं पंच, सरपंच बनकर देश को नई दिशा दे रही हैं और पुरूषों से बेहतर जनप्रतिनिधि साबित हो रही हैं।

पंचायती राज में पंच और सरपंच बनकर महिलाओं ने दिखा दिया है कि वे चौखट से चौबारे तक का सफर तय कर चुकी हैं। भले ही राजनीति के ककहरे से वाकिफ नहीं हों, पर अपनी जिम्मेदारियां वे बखूबी निभाती हैं। इन्हें सिर्फ अपने गांव के विकास से मतलब है। अब इन्हें हर कदम पर पतियों के सहारे की जरूरत नहीं रह गई है। पंचायती राज में महिलाओं के बढते कदम गांव-ढाणियों में विकास की गंगा बहा सकते हैं। राजस्थान के अलवर जिले में बहरोड के दूधवाल गांव की वार्ड पंच शांतिदेवी के कार्यकाल पर नजर डालें। उन्होंने गांव के स्कूल में कमरे बनवाए और पीने के पानी की व्यवस्था कर बुनियादी काम किया। ऎसे काम ज्यादातर पुरूष जनप्रतिनिधियों के लिए कम महत्‍व के होते हैं। पर महिला जनप्रतिनिधि उन आधारभूत मुद्दों को लेकर राजनीति में आगे आ रही हैं, जिनसे उनके क्षेत्र की जनता लाभान्वित होती है। ऎसा इसलिए भी है कि एक महिला होने के नाते वे भलीभांति समझती हैं कि लोगों की असली समस्याएं क्या हैं, जिनका वे खुद आए दिन सामना करती रही हैं। बीकानेर जिले के लूणकरणसर में गांव की महिलाओं के साथ मारपीट की समस्या आम थी। शराबी पति पत्नियों की कमाई हथियाकर उसे शराब में उडा देते थे। वार्ड पंच रहने के दौरान कांतादेवी नाई ने इसके लिए संघर्ष किया और सरपंच को कहा कि महिलाओं को उनकी मेहनत की कमाई अपने हाथों में मिलनी चाहिए। आज महिलाएं अपने पैसे की मालिक हैं।

भ्रष्टाचार नहीं होगा

गांवों में विकास के कई कार्य बरसों से अधूरे पडे रह जाते हैं। वजह साफ है, कुछ तो धनाभाव और कुछ भ्रष्टाचार। पुरूष सरपंच महिला वार्डपंच को भाव ही नहीं देते। लेकिन हौसला हो तो क्या नहीं हो सकता सिरोही जिले के चनार गांव की शिक्षित वार्ड पंच निमिषा बारोट ने अधूरे पडे सामुदायिक भवन के निर्माण को लेकर सरपंच को तैयार किया। एक साल से अधूरे पडे काम को पूरा करवाया और कोई भ्रष्टाचार नहीं होने दिया। ग्राम पंचायतों की राजनीति में जहां निमिषा जैसी उच्च शिक्षित महिलाएं आ रही हैं, वहीं अशिक्षित महिलाएं भी अब पढना-लिखना सीखकर अपना काम खुद देखने के प्रति गंभीर हो रही हैं। पंचायत की बैठकों में प्रस्ताव पढने से लेकर अंतिम रूप देने तक के काम को निष्ठापूर्वक निभाने में महिला जनप्रतिनिधि पूरी सक्रियता दिखा रही हैं। सिरोही के मोरधला गांव में लक्ष्मी बैरवा ने वार्ड पंच रहने के दौरान शराब की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुहिम चलाई। बकौल लक्ष्मी, 'मैंने शराब पीकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ लडाई लडने के लिए 50 महिलाओं को अपने साथ लिया और मोर्चा खोल दिया। कानून ने भी हमारी मदद की और गांव को शराबियों से मुक्त कराया।'

आत्मविश्वास सामने है

कहा जाता है कि आरक्षित सीटों पर राजनीति के माहिर लोग अपने परिवार की स्त्रियों को आगे ला रहे हैं। यह बात एक हद तक सही भी है। लेकिन इसके बरक्स यह भी सच्चाई है कि अब महिला किसी की कठपुतली बनकर काम नहीं करती। अलवर में बानसूर के गांव बाढ मिलखपुर की उमा ने 12 साल की उम्र में खुद का बाल विवाह रूकवाया और 19 साल की उम्र में जाकर शादी की। शादी के बाद शराबी पति की शराब छुडवाई। उसका यह हौसला वार्ड पंच बनने पर भी जारी रहा और उसने गांव में शराब की दुकानों को बंद करवाकर ही चैन लिया।

पुरूषों को साथ देना होगा

पुरूष की भूमिका सहयोगी की हो गई है। स्त्री की एक नई छवि चुनावी राजनीति में बन रही है, जो उसे गहरा आत्मविश्वास देती है और अपने निर्णय खुद लेने के लिए प्रेरित करती है। राजसमंद जिले के गांव सिंदेसर कलां में वार्ड पंच रहने के दौरान तारा ने महिला-पुरूष के बीच होने वाले लिंगभेद को खत्म करने के लिए अपने ससुर के सामने आवाज उठाई। उसके ससुर पंचायत में सरपंच थे। तारा ने पंचायत में सबको बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए कोशिश की। अब पंचायत की सभी औरतें पुरूषों के साथ कुर्सियों पर बैठती हैं।

बदले हैं हालात

देश भर में पंचायतों की राजनीति को बदलने में बहुत-सी गैर सरकारी संस्थाओं का बडा योगदान है। 'द हंगर प्रोजेक्ट' जैसी कई संस्थाएं राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में महिला जनप्रतिनिधित्व को बढाने और उन्हें मजबूत बनाने में जुटी हुई हैं। पिछले साल जयपुर में आयोजित महिला पंच-सरपंच सम्मेलन में महिलाएं आगे आईं तो अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेना शुरू किया और उनके काम तेजी से होने लगे। पिछले पंचायत चुनाव में 33 फीसदी महिला आरक्षण से अगर हालात में यह बदलाव दिखाई दिया तो इस दफा के 50 फीसदी आरक्षण और उसमें भी गैर आरक्षित सीटों पर भी चुनाव जीतकर आने वाली महिलाओं की संख्या को और जोड दें, तो हमें एक सुनहरे भविष्य के संकेत साफ दिखाई दे रहे हैं।

Sunday, 31 January 2010

ममता और वात्‍सल्‍य की कवयित्री : गेब्रिएला मिस्‍त्राल

साहित्य में नोबल पुरस्कार पाने वाली पहली लेटिन अमेरिकी कवयित्री गेब्रिएला मिस्त्राल का आरंभिक जीवन बड़ी कठिनाइयों में गुजरा। तीन साल की आयु में पिता की मृत्यु के बाद मां और बड़ी बहन के साथ संघर्ष करते हुए गेब्रिएला ने पंद्रह वर्ष की आयु में छद्मनाम से कविताएं लिखना  शुरु किया।  धीरे-धीरे स्थानीय अखबारों में कविताएं प्रकाशित होने लगीं। 7 अप्रेल, 1889 को चिली के विक्यूना गांव में जन्मी गेबिएला का मूल नाम लूसिला गोडोय था, लेकिन अपने दो प्रिय कवियों के नामों को मिला कर अपना छद्मनाम रखा । जवानी की दहलीज पर कदम रखते ही एक रेलकर्मी रोमिलियो यूरेता से प्रेम हुआ लेकिन अज्ञात कारणों से प्रेमी ने आत्महत्या कर ली। इस हादसे से विचलित कवयित्री गहरे शोक में डूब गई और उसने मृत्यु के गीत लिखना शुरु कर दिया। बीस वर्ष की आयु में इस दुर्घटना ने मिस्त्राल को उस काव्य परंपरा का सूत्रपात करने का अवसर दिया जो लेटिन अमेरिकी साहित्य में पहले कभी नहीं हुआ अर्थात जीवन और मृत्यु को लेकर गहरी संवेदनाओं से ओतप्रोत कविताएं सामने आईं। पच्चीस वर्ष की आयु में चिली की राष्ट्रीय काव्य प्रतियोगिता में गेब्रिएला की मृत्यु गीतों की पुस्तक को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

छोटे बच्चों को पढ़ाकर जीवनयापन करते हुए गेब्रिएला ने तमाम विपरीत परिस्थतियों के बावजूद निरंतर कविता लिखना जारी रखा। उनकी कविता और लेखन के केंद्र में चिली की लचर शिक्षा प्रणाली थी, जिसकी वजह से गरीब बच्चों, खासकर गांवों के बच्चों को अच्छी शिक्षा से वंचित रहना पड़ता था। गेब्रिएला अखबारों में इस पर निरंतर लिखती थीं, इससे स्कूल प्रशासन नाराज रहता था। इसी नाराजगी के कारण पहले स्कूल ने उन्हें जबरन स्कूल से निकाल दिया। कई स्कूलों में अध्यापन करते हुए वे 1921 में चिली के सबसे प्रतिष्ठित सेंटियागो हाई स्कूल की प्रिंसिपल बनीं। इस बीच वे एक स्कूल में 16 साल के पाब्लो नेरुदा से मिलीं और नेरुदा को यूरोपियन कवियों को पढ़ने की सलाह दी। प्रिंसिपल बनने के बाद उनका दूसरा कविता संग्रह आया तो वे अचानक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विख्यात हो गईं। इस संग्रह में उन्होंने बच्चों और ईसाई धर्म को लेकर प्रार्थना की शैली में कविताएं प्रस्तुत की थीं। तीन वर्ष बाद तीसरे कविता संग्रह में पूरी तरह बच्चों को लेकर कविताएं लिखीं। प्रिंसिपल बनने के कुछ समय बाद गेब्रिएला को मेक्सिको में स्कूली शिक्षा और पुस्तकालय व्यवस्था में सुधार करने के लिए बुला लिया गया। मेक्सिको से वे अमेरिका और यूरोप चली गईं। वहां वे मुख्य रूप से फ्रांस और इटली में रहीं, और अखबारों के लिए विपुल मात्रा में लिखा। साथ ही साथ वे लीग आफ नेशंस के बौद्धिक प्रकोष्ठ के लिए काम करती रहीं।

गेब्रिएला मिस्त्राल के लेखन में बच्चों के लिए गहरे प्रेम और वात्सल्य को अभिव्यक्ति मिली है। वे बच्चों को ईश्‍वर का प्रतिरूप मानती थीं। एक ईसाई संत ने कहा था कि गेब्रिएला मिस्त्राल की तमाम कविताएं प्रार्थना गीतों की तरह हैं। भारत में उनकी प्रसिद्ध कविता ‘उसका नाम है आज’ बहुत प्रसिद्ध है। यह कविता एस.ओ.एस. बालग्राम का आदर्श गीत बन गई है। गेब्रिएला ने कभी विवाह नहीं किया, लेकिन उनके भीतर मातृत्व की जो अद्भुत धारा अविरल प्रवाहित होती है वह विश्‍व साहित्य में उन्हें नोबल पुरस्कार तक ले गई। 1945 में नोबल पुरस्कार प्रदान करते हुए नोबल कमेटी ने कहा कि अपने मातृत्व भरे हाथें से गेबिएला मिस्त्राल एक ऐसा पेय प्रस्तुत करती हैं, जो धरती का स्वाद देता है और मनुष्य के दिलों को तृप्त करता है। उनकी कविता का निर्झर कभी नहीं थमेगा और लोगों की प्यास बुझाता रहेगा। और निश्‍चय ही गेब्रिएला मिस्त्राल की काव्यधारा 1954 में उनकी मृत्यु के बाद भी विश्‍व साहित्य में अमर है। पाब्लो नेरुदा जैसे कवि को दिशा दिखाने वाली गेब्रिएला को आज भी दुनिया की तमाम भाषाओं में पूरी श्रद्धा के साथ पढ़ा जाता है।

गेब्रिएला मिस्त्राल से मेरा पहला परिचय करीब बीस वर्ष पहले तब हुआ था, जब एक गैर सरकारी संगठन के लिए काम करते हुए मैंने उनकी कविता ‘उसका नाम है आज’ का अनुवाद किया था। हालांकि इस कविता से परिचय एस. ओ. एस. बालग्राम में बालिकाओं को निःशुल्क ट्यूशन पढ़ाने के दौरान हो चुका था, लेकिन उस समय यह पता नहीं था कि यह कविता गेब्रिएला मिस्त्राल की है। प्रस्तुत है कविता:

उसका नाम है आज

हम अपराधी हैं
बहुत सी गलतियों और भूलों के
लेकिन हमारा सबसे बड़ा अपराध है
बच्चों को निस्‍सहाय छोड़ देना
जीवन निर्झर को नकार देना

हमारी जरूरत की बहुत सी चीजें प्रतीक्षा कर सकती हैं
बच्चा प्रतीक्षा नहीं कर सकता

यही है वह वक्त
जब आकार ले रही हैं उसकी अस्थियां
बन रहा है रक्त
और विकसित हो रही हैं उसकी इंद्रियां

उसे हम जवाब नहीं दे सकते ‘कल’
उसका नाम है ‘आज’

यह आलेख राजस्‍थान पत्रिका के रविवारीय संस्‍करण में 31 जनवरी, 2010 को प्रकाशित हुआ।





Saturday, 30 January 2010

अनुभवों का महामेला

जयपुर में पांच साल से होने वाला अंतर्राष्ट्रीय साहित्य उत्सव अब नई उंचाइयां छूने लगा है और जयपुर के पर्यटन उद्योग के साथ कदमताल करते हुए जयपुर की नई पहचान बन चुका है। चार साल पहले जब यह उत्सव शुरु हुआ था, तब किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि फिल्मी सितारों और अंग्रेजी तथा विदेशी लेखकों मुख्‍यत: विक्रम सेठ, सलमान रुश्‍दी, शोभा डे जैसे ख्यातनाम लोगों की चकाचौंध से लबरेज जयपुर इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल आगे चलकर इस रेगिस्तानी राजधानी को साहित्य के केंद्र में ले आएगा।

नगाड़ो की ताल और शंखनाद के साथ 21 जनवरी, 2010 की सुबह खुशगवार मौसम में डीएससी जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का शुभारम्भ हुआ। मशहूर अंग्रेजी लेखक विलियम डैलरिंपल, गुलजार, अभिनेता राहुल बोस और कई देशी- विदेशी लेखकों की मौजूदगी में साहित्योत्सव का आगाज हुआ। विलियम डैलरिंपल ने 2006 से चले आ रहे उत्सव की मुख्य बातों का जिक्र करते हुए इस विश्‍व के अनूठे साहित्य उत्सवों में से एक बताया। नमिता गोखले ने साहित्योत्सव के प्रमुख सत्रों की जानकारी दी।

इस बार इस आयोजन में दलित लेखन को लेकर दो विशेष सत्र रखे गए, जिनमें लेखक कांचा इलैया ने जन विवेक, उनकी उपेक्षा, दलितों और अछूतों से जुड़ी सोच, भ्रांतियों, हिंदू होने की गलत विचारधारा जैसे मुद्दे पर बात की। उन्होंने हिंदूवाद को आत्मिक फासीवाद करार दिया। हिंदी लेखक ओम प्रकाश वाल्मिकी ने साहित्योत्सव के 5वें वश में दलित लेखन पर ध्यान दिए जाने पर आभार जताया। मराठी, तेलगु और दक्षिण भाषाओं में इस साहित्य में रचे जाने की बात करते हुए उन्होंने साहित्य के भी दलित होने का प्रश्‍न उठाया। पी. सिवकामी ने हरिजनों के योगदान की उपेक्षा, हरिजन शब्द का अर्थ गैर दलितों की पिटी-पिटाई सोच और रंगभेद पर बात की। अजय नावरिया ने ‘अब और नहीं’ सत्र में शिरकत करते हुए दलित लेखन के मूल प्रश्‍नों को रेखांकित किया। पंजाबी दलित लेखन पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। भारतीय दलित लेखन को लेकर हिंदी की पहली द्विभाषी ऑनलाइन पत्रिका ‘प्रतिलिपि’ ने अपना केंद्रित अंक भी इस अवसर पर जारी किया।

इस बार के साहित्योत्सव में पड़ौसी मुल्कों के साथ संबंधों पर चर्चा करने के लिए पाकिस्तान, श्रीलंका से भी लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता आए। पहली बार सिंधी भाषा को लेकर एक विशेष सत्र में चर्चा हुई, जिसमें पाकिस्तान से भी लेखक आए। हिंदी, राजस्थानी, उर्दू और संस्कृत साहित्य के भी सत्र हुए, जिनसे एक भारतीयता का अहसास हुआ। हालांकि उर्दू साहित्य से सिर्फ शीन. काफ. निजाम की शिरकत के कारण उर्दू वालों की थोड़ी नाराजगी भी रही। स्थानीय लेखकों में इस बात को लेकर खासी चर्चा रही कि पिछले साल विक्रम सेठ के सार्वजनिक मंच पर शराब पीने को लेकर विवाद खड़ा करने वाला दैनिक भास्कर अखबार इस दफा भाषा शृंखला का आयोजक बन गया।

इस विराट आयोजन में भाग लेने वाले नामी गिरामी लेखकों में नोबल पुरस्कार से सम्मानित कवि वोल शोयिंका का आगमन मुख्य आकर्षण रहा। उन्होंने अपनी रचनात्मक यात्रा के बारे में बात करते हुए कहानी कहने की कला, अपनी किताब के प्रकाशन और नोबेल पुरस्कार से जुड़े अनुभवों को सबके साथ साझा किया। फिल्मी हस्तियों में ओम पुरी, जावेद अख्तर, शबाना आजमी, गिरीश कर्नाड, प्रसून जोशी आदि ने शिरकत की। ओम पुरी ने कर्नाड के नाटक ‘तुगलक’ के अंशों का पाठ किया, वहीं उनकी पत्नी नंदिता ने ओम पुरी पर लिखी अपनी चर्चित पुस्तक के अंश पढ़े। गुलजार, जावेद अख्तर और प्रसून जोशी ने कविता पाठ किया। शबाना आजमी ने अपनी मां की पुस्तक के अंश सुनाए।

इस साहित्योत्सव की सबसे खूबसूरत बात यह है कि यहां लेखक खुद अपने पाठकों से मुखातिब होता है। वह रचना पाठ करता है, पाठकों के सवालों के जवाब देता है और पाठकों व प्रशंसकों के बीच एक सामान्य व्यक्ति की तरह रहता है। कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, सब एक साथ भोजन करते हैं और किसी को वीआईपी नहीं समझा जाता। पाठक अपने प्रिय लेखक या कलाकार के साथ बातचीत करने के साथ फोटो भी खिंचवा सकते हैं।

राष्ट्रीय व अंतर्राष्‍ट्रीय ख्यातिप्राप्त सैंकड़ों लेखकों-कलाकारों का यह महामेला पांच दिन तक चलता है, जिसमें साहित्य के अलावा इतिहास, भाषा, संस्कृति, कला, सिनेमा, क्रिकेट से लेकर जीवन के विविध पक्षों पर बात होती है। रोज कई किस्म के सांस्कृतिक आयोजन भाग लेने वालों का ज्ञानवर्द्धन और मनोरंजन करते हैं। नाटक, नृत्य, संगीत, सिनेमा, चित्रकला और साहित्य का यह कुंभ छोटी काशी कहे जाने वाले जयपुर का महत्वपूर्ण वार्षिक आयोजन बन गया है। स्थानीय लेखक इस बात की शिकायत जरूर करते हैं कि इसमें अंग्रेजी का वर्चस्व है और भारतीय भाषाओं को कम महत्व दिया जाता है।

यह आलेख 'आउटलुक' हिंदी मासिक के फरवरी, 2010 अंक में प्रकाशित हुआ।



Wednesday, 20 January 2010

मोगली का सर्जक-रूडयार्ड किपलिंग



अगर जन्म के आधार पर नागरिकता मानी जाए तो मुंबई में जन्मे रूडयार्ड किपलिंग पहले भारतीय थे, जिन्हें 1907 में नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। किपलिंग अंग्रेजी भाषा के पहले लेखक थे, जिन्हें अब तक रिकार्ड सबसे कम उम्र यानी 42 वर्ष की आयु में नोबल पुरस्कार मिला। 30 दिसंबर, 1865 को जन्मे किपलिंग के पिता जे.जे. स्कूल आफ आर्ट्स के प्रारंभिक शिक्षकों में थे। पांच साल की उम्र में किपलिंग को तीन वर्षीय बहन एलिस के साथ पढ़ने के लिए इंग्लैंड भेज दिया गया। छह बरस तक दोनों भाई-बहनों को एक परिवार के बेहद कठोर अनुशासन में रहना पड़ा। इसके बाद किपलिंग को स्कूल में दाखिल करा दिया गया, जहां की आजाद और खुली हवा में एक रचनाकार के तौर पर किपलिंग में साहित्य के अंकुर फूटे। यहां के अनुभव कई बरस बाद ‘स्टॉकी एंड कंपनी’ कहानी संग्रह के रूप में प्रकाश में आए। स्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए किपलिंग को ऑक्सफोर्ड विश्‍वविद्यालय में प्रवेश लेना था, लेकिन आर्थिक हालात इजाजत नहीं देते थे। इसलिए पिता ने किपलिंग के लेखन कौशल को देखते हुए हिंदुस्तान में उसके लिए एक नौकरी ढूंढ़ ली। इस बीच पिता लाहौर चले गए थे, जहां वे मेयो कालेज आफ आर्ट के प्रिंसिपल और लाहौर म्यूजियम के क्यूरेटर थे। युवा किपलिंग को उन्होंने एक साप्ताहिक अखबार में सहायक संपादक की नौकरी दिला दी।

सत्रह साल से भी कम उम्र में अखबार में काम शुरु करने वाले किपलिंग की 21 साल की आयु में कविताओं की पहली किताब प्रकाशित हुई ‘डिपार्टमेंटल डिट्टीज़’। इसी वर्ष नए संपादक ने किपलिंग को अखबार के लिए कहानियां लिखने के लिए कहा तो युवा किपलिंग की लेखनी चल पड़ी। अगले साल से गर्मियों की छुट्टियों में शिमला जाने का सिलसिला शुरु हुआ तो किपलिंग ने शिमला के जनजीवन और प्रकृति को अपनी कहानियों में बेहद खूबसूरती से चित्रित किया। इस बीच 1887 में उन्हें ‘पायोनियर’ अखबार में तबादला कर इलाहाबाद भेज दिया गया। 1888 में पहला कहानी संग्रह प्रकाशित हुआ ‘प्लेन टेल्स फ्राम द हिल्स’। इसके बाद एक बरस में किपलिंग के छह कहानी संग्रह प्रकाशित हुए। विशेष संवाददाता के रूप में किपलिंग को राजपूताना भेजा गया, जहां बूंदी में उन्हें एक उपन्यास का विचार सूझा। इस यात्रा के अनुभव अखबार में तो छपे ही पुस्तकाकार भी प्रकाशित हुए। अगले साल किसी विवाद के कारण किपलिंग को अखबार से छुट्टी दे दी गई। वहां से छह महीने का वेतन अग्रिम मिला और अपनी सात किताबों के अधिकार बेचकर किपलिंग ने एक लेखक के तौर पर जीवनयापन करने का निश्‍चय किया और लंदन के लिए रवाना हो गए।

लंदन में उन्होंने एक कहानी संग्रह और एक कविता संग्रह लिखा, जिनमें भारतीय जनजीवन और ब्रिटिश सैनिकों के अनुभवों का सजीव चित्रण किया गया है। 1894 में किपलिंग ने अपनी विश्‍वविख्यात कृति ‘जंगल बुक’ की रचना की, जिसे आज भी बाल साहित्य की श्रेणी में अप्रतिम माना जाता है। भेड़ियों द्वारा उठाकर जंगल में ले जाए गए बच्चे मोगली की कहानियां इस कदर लोकप्रिय हुईं कि इस पर कई फिल्में और धारावाहिक विश्‍व भर में बने। आज भी यह बच्चों की लोकप्रिय पुस्तक है। स्काउट आंदोलन के प्रणेता बैडन पावेल ने ‘जंगल बुक’ से प्रेरणा लेकर स्काउटिंग के कई कार्यक्रमों की संरचना की। किपलिंग ने इसकी सफलता से उत्साहित होकर इसका दूसरा भाग भी लिखा। इसके बाद वे फिर से कहानियां लिखने लगे और 1899 तक तीन कहानी संग्रह प्रकाशित हुए। बूंदी में बैठकर उन्होंने जिस उपन्यास की कल्पना की थी वह 1901 में ‘किम’ के रूप में सामने आया। अनाथ आइरिश किशोर किम और बौद्ध भिक्षु तेशू लामा की रोमांचक हिमालय यात्रा और दोनों की अपने-अपने स्तर पर आत्म और अस्मिता की खोजयात्रा बेहद रोचक है। यूं तो इस उपन्यास के दीवाने पूरी दुनिया में हैं, लेकिन यह पंडित नेहरू की भी प्रिय पुस्तकों में रही है।

किपलिंग ने अपने जीवन में यात्राएं बहुत कीं, इसलिए उनके पास दुनिया के कई देशों के अनुभव थे, बहुत से लोगों के जीवन में झांकने का उन्हें मौका मिला, और सबसे बड़ी बात यह कि किपलिंग बेहद कल्पनाशील रचनाकार थे। इसलिए यथार्थ और कल्पना के अद्भुत सम्मिश्रण से वे जबर्दस्त कहानियां, उपन्यास और यात्रा संस्मरण लिख सके। उनकी कल्पनाशीलता इसी से पहचानी जा सकती है कि मोगली जैसे पात्र की रचना उन्होंने अखबार में पढ़ी एक खबर के आधार पर की और उसके इर्द-गिर्द महान बालसाहित्य का सृजन किया। उनके लेखन में ब्रिटिश सैनिकों की पीड़ा, सैनिक होने का गर्व, पराए देश में परिजनों से दूर रहने का दुख, आम भारतीय इंसान का सहज जीवन और यहां का विविधरंगी परिदृश्‍य बखूबी देखने को मिलता है। अंग्रेजी साहित्य में भारतीय जनजीवन का जीवंत और प्रामाणिक चित्रण संभवतः पहली बार किपलिंग ने ही किया। ‘गंगादीन’ जैसे मामूली चरित्र को किपलिंग ने एक कविता से अमरत्व प्रदान कर दिया, जो सैनिकों के लिए महज पानी लाता था। किपलिंग को भारतीय नामों और चीजों से इस कदर लगाव था कि जब अमेरिका में उन्होंने अपना घर बनाया तो उसका नाम रखा ‘‘नौलखा’’। यह नाम लाहौर किले की नौलखा बारादरी से उन्हें सूझा था। किपलिंग की प्रारंभिक पुस्तकों के कवर पर सौभाग्य और समृद्धि के प्रतीक के रूप में स्वास्तिक और सूंड में कमल पकड़े हाथी के चित्र प्रकाशित होते थे, लेकिन कालांतर में जर्मन नाजियों द्वारा स्वास्तिक अपनाए जाने पर अपनी तमाम किताबों से उन्होंने स्वास्तिक हटवा दिए।

किपलिंग की प्रकाशित पुस्तकों की सूची पचास से अधिक है, लेकिन एक ‘जंगल बुक’ ही उन्हें विश्‍वसाहित्य में अमर रखने के लिए पर्याप्त है। पाठकों को उनकी वो रोमांटिक कहानियां बेहद अच्छी लगती हैं, जिनमें अंग्रेज सुदूर देशों की साहसिक यात्राएं करते हैं और विजय प्राप्त करते हैं। हालांकि किपलिंग पर ब्रिटिश उपनिवेशवाद का पोषक और समर्थक होने के आरोप लगते रहे हैं, किंतु उनके प्रशंसकों का कहना है कि उनकी कहानियों और उपन्यासों के पात्र उपनिवेशवादी मानसिकता के हैं और उसी रूप में किपलिंग ने उनका चित्रण किया है। खुद किपलिंग एक सच्चे देशप्रेमी होने के नाते ब्रिटिश राज की भले ही जयगाथा गाते रहे हों, लेकिन उन्होंने कई बार ब्रिटिश राज के दरबारी कवि और नाइट की पदवी को ठुकराया। 18 जनवरी, 1936 को पेप्टिक अल्सर से किपलिंग का देहांत हुआ।

यह आलेख राजस्‍थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्‍ट में 17 जनवरी, 2010 को 'विश्व के साहित्यकार' शृंखला में प्रकाशित हुआ।

Sunday, 17 January 2010

आधी दुनिया को आधी पंचायत

गांव की राजनीति में बड़े बदलावों की आहट है, वही गांव जिसे हिंदुस्तान का चेहरा कहा जाता है। पहली बार पंचायतों में महिलाओं को पचास फीसदी आरक्षण के साथ राजस्थान में पहले चुनाव हो रहे हैं, एक तिहाई के आरक्षण से जब तस्वीर बदली है तो इससे क्या होगा, अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। यह बदलाव की प्रक्रिया इतनी व्यापक है िक राजनीति ही नहीं, सामाजिक-आर्थिक बदलाव भी होने तय हैं, महिलाओं यानी आधी दुनिया को आधी पंचायत के मुद्दे की एक गहरी खोज-पड़ताल...

इस बार राजस्थान में पंचायत चुनावों की छटा ही अलग है। स्थानीय निकाय चुनावों में पचास प्रतिशत आरक्षण ने पहले नगर पालिका और नगर निगम चुनावों में महिलाओं को जबर्दस्त राजनैतिक शक्ति प्रदान की और अब ग्राम पंचायतों के माध्यम से महिलाएं प्रदेश की राजनीति में जमीनी स्तर पर पूरी क्षमता से प्रवेश कर व्यापक बदलाव लाने की तैयारी कर रही हैं। भारतीय लोकतंत्र के साठ साल के जश्‍न में यह ऐतिहासिक अवसर है, जब एक प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को राजनीति में सीधे भागीदारी करने का मौका मिला है। जानकार लोगों का मानना है कि इस भागीदारी से राजनैतिक परिदृश्‍य में ही नहीं, बल्कि राजनीति के आधारभूत मुद्दों में भी अनपेक्षित परिवर्तन दिखाई देंगे। सही मायने में लोकतंत्र का एक साफ-सुथरा चेहरा दिखाई देगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की उन महिलाओं को भी आगे आने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने खुद कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि वे निरक्षर गृहिणी होने के बावजूद किसी दिन समाज में एक राजनैतिक ताकत के तौर पर प्रतिष्ठित होंगी। कहने के लिए आरक्षण पचास प्रतिशत है, लेकिन अनारक्षित सीटों पर भी महिलाएं चुनाव लड़ सकती हैं और अपनी आवाज बुलंद कर सकती हैं। इसीलिए महिलाओं का नारा है कि आधी नहीं अब सारी सीटें हमारी हैं। शिक्षा और राजनैतिक चेतना ने गांवों में अब महिलाओं को अपने पुरुष रिश्‍तेदारों के इशारों पर चलने वाली आज्ञाकारी नेत्री की परिधि से बाहर ला खड़ा किया है, जहां वह एक स्वतंत्रचेता जनप्रतिनिधि के रूप में अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी से पूरा करने की तैयारी कर रही है।


चाकसू तहसील की ग्राम पंचायत निमोड़िया की वार्ड पंच सराजन बानू के पास नाम मात्र की जमीन है, लेकिन वह प्रदेश की चुनिंदा अल्पसंख्यक महिला जनप्रतिनिधियों हैं। अशिक्षित और अल्पसंख्यक होने के बावजूद सराजन बानू ने गांव में बालिका विद्यालय को क्रमोन्नत कराने, सड़क बनवाने और पट्टे दिलाने जैसे कई काम करवाकर गांव के लोगों का दिल जीत लिया।



बदल गया चुनावी एजेण्डा

कई दशकों से गांवों में पंचायत चुनावों का एजेण्डा वहां की जातिवादी राजनीति रही, लेकिन महिलाओं और दलित-वंचितों के आरक्षण के बाद गांवों में विकास कार्यक्रम चुनावी एजेण्डे में शामिल हुए तो बुनियादी मुद्दे सामने आए। पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, चिकित्सा, सफाई, जलावन की लकड़ी, चरागाह, शौचालय और गरीबों को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे आधारभूत मुद्दों को लेकर ग्रामीण समाज में चेतना जागृत हुई और गांवों की राजनीति का समूचा परिदृश्‍य बदल गया। विकास कार्यक्रमों को लेकर एक महत्वपूर्ण बात विगत कुछ वर्षों में यह देखी गई कि जहां पुरुषों की प्राथमिकता गांवों में स्कूल-चिकित्सालय आदि के निर्माण की होती हैं वहीं महिलाओं की रूचि गांवों में सुविधाएं उपलब्ध कराने में ज्यादा रहती है। वजह साफ है, चूंकि महिलाएं सदियों से गांवों में बुनियादी सुविधाएं ना होने के कारण परेशानियों का सामना करती आई हैं, इसलिए उनकी प्राथमिकता सुविधाओं को लेकर होती हैं और निर्माण कार्यों में ठेकेदारी व्यवस्था के चलते भ्रष्टाचार की गुंजाइश ज्यादा रहती है तो पुरुष उनको प्राथमिकता देते हैं। महिलाएं गांवों में बालिका शिक्षा और चिकित्सालय के लिए सबसे ज्यादा चिंतित रहती हैं।


राजसमंद जिले की खमनोर पंचायत समिति के ग्राम सेवल की सरपंच नाथी बाई आदिवासी और अशिक्षित है। पहली बार में चुनाव जीतने वाली नाथी बाई ने अपने क्षेत्र में विकास के सैंकड़ों कार्य करवाकर गांव की शक्ल ही बदल डाली।


राजनैतिक माहौल में परिवर्तन



आरक्षण के बाद गांवों का राजनैतिक माहौल बिल्कुल बदल गया है। राजनैतिक दुश्‍मनियां बहुत तीव्र हो गई हैं। बड़े नगरों और हाईवे से लगते गांवों में जमीनों के दाम बढ़ने से जमीनें बेचकर अचानक अमीर हुए ग्रामीणों की राजनैतिक आकांक्षाओं को पंख लग गए हैं। पहले की जातिवादी राजनीति का स्थान अब पैसे की राजनीति ने ले लिया है। एक सामान्य पंच या सरपंच के चुनाव में एक लाख का खर्च मामूली बात है। लेकिन, गांवों के लोग इस मायने में बहुत समझदार हैं, वे पैसे के बल पर राजनीति करने वालों को अपने वोट की ताकत का तुरंत अहसास भी करा देते हैं। महिला आरक्षण के बाद महिलाओं में आई राजनैतिक चेतना ने उम्मीदवार देखकर वोट देने की प्राथमिकता को बढ़ावा दिया है, जिससे तमाम चुनावी समीकरण गड़बड़ा जाते हैं। यह आरक्षण की ही बदौलत संभव हुआ है कि गांव वालों ने पैसे के दम पर चुनाव जीतने की आकांक्षा रखने वाले रसूखदारों के डमी उम्मीदवार के मुकाबले भेड़-बकरी चराने वाली सामान्य निरक्षर महिलाओं को पंच-सरपंच चुना।





भ्रष्ट व्यवस्था से लड़ती महिला जनप्रतिनिधि


भारत में भ्रष्ट व्यवस्था की मार सबसे ज्यादा गांवों को सहन करनी पड़ती है। वहां हर स्तर पर भयानक भ्रष्टाचार है। राजस्थान में अरूणा राय के मजदूर किसान शक्ति संगठन की ओर से किए गए विभिन्न सामाजिक अंकेक्षणों में यह साबित हुआ है कि गांवों में विकास के लिए आए हुए पैसे का जमकर दुरुपयोग होता है। पच्चीस बरस पहले कहा गया राजीव गांधी का जुमला आज भी गांवों में सत्य सिद्ध हो रहा है, एक रुपये में पंद्रह पैसे ही गांवों तक पहुंचते हैं। इसमें महिला जनप्रतिनिधियों की स्थिति इसलिए विकट है कि वे सरकारी तंत्र की कारगुजारियों से परिचित ना होने के कारण पिछड़ जाती हैं। कई सरकारी कार्यालयों के आए दिन चक्कर लगाना, अधिकारी और कर्मचारियों से बात करना और अपना पक्ष रखना, विकास कार्यों को क्रियान्वित करवाना जैसे काम एक महिला जनप्रतिनिधि के लिए आसान नहीं है। लेकिन पिछले एक दशक में यह बात साबित हुई है कि अधिकारी महिला जनप्रतिनिधियों की बात सुनने लगे हैं और धीरे ही सही उनके काम भी करने लगे हैं। दूसरी तरफ महिला पंच-सरपंच भी यह बात सीखने में सफल हुई हैं कि उनकी राजनैतिक ताकत अधिकारियों को काम करने के लिए विवश कर सकती है। ग्राम सेवकों का गांवों की व्यवस्था में वर्चस्व होता है, वह महिला जनप्रतिनिधियों को अपनी कठपुतली बनाकर रखता है। लेकिन महिला पंच-सरपंचों को यह बात समझ में आ गई है कि किसी परिजन की मदद से ग्राम सेवक की कारगुजारियों से कैसे बचा जा सकता है और सही काम कैसे कराया जा सकता है।

सहायता के लिए आगे आते स्वयंसेवी संगठन

कई सालों से गांवों के विकास में स्वयंसेवी संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन गैर सरकारी संगठनों ने पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था के बाद महिला नेतृत्व को उभारने में जबर्दस्त भूमिका निभाई है। यूनाइटेड नेशन डेमोक्रेसी फण्ड ने विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अंशदान किया है। ये संगठन चुनावपूर्व मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर पंचायत चुनावों के बोर में ग्रामीणों को बुनियादी मसलों पर सोचने के लिए तैयार करते हैं। महिलाओं को सामूहिक प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार करते हैं और गांवों में विकास की प्राथमिकताएं क्या हों और कैसे चुनाव लड़ा जाता है आदि को लेकर महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को समझाते हैं। पिछले साल जयपुर में महिला जनप्रतिनिधियों के एक सम्मेलन कई महिलाओं ने इस बात पर पूर्ण सहमति जताई कि गैर सरकारी संगठनों से मिले प्रशिक्षण ने उनके भीतर आत्मविश्‍वास बढ़ाया है और उनके भीतर नेतृत्वकारी भावना के साथ कई सकारात्मक चीजों का विकास किया है, जिससे वे अपनी भूमिका को बेहतर समझने लगी हैं। यह सकारात्मकता ही भविष्य की बेहतरीन महिला जनप्रतिनिधियों को तैयार करने में सहायक होगी।

बाड़मेर की रामसर पंचायत समिति की अशिक्षित वार्ड पंच खातू देवी ने घर वालों के विरोध और गांव वालों के समर्थन के बीच चुनाव जीता। वार्ड पंच बनने से पहले वह मजदूरी करती थी, आज वह नरेगा में लोगों को मजदूरी दिलवाती हैं और गांव वालों की तमाम समस्याओं को हल करने की कोशिश करती हैं।


सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन अनिवार्य

ग्रामसभा और वार्ड सभा ग्राम पंचायतों की आधारभूमि हैं जो गांवों के विकास की कार्ययोजना बनाती हैं। दुर्भाग्य से ये सभाएं बहुत कमजोर हैं और खुद गांव वाले ही इनमें रूचि नहीं लेते हैं, जिसके चलते प्रशासनिक शिथिलताओं को और बल मिलता है। विभिन्न किस्मों की गुटबाजी ने इन सभाओं को कमजोर किया है, अगर ये सभाएं मजबूत हों और सामूहिक शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन करें तो उच्चाधिकारियों को गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए मजबूर कर सकती हैं। गैर सरकारी संगठन इस बात को लेकर गांव वालों को समझा रहे हैं कि इन सभाओं के माध्यम से फैसले लेकर यदि सामूहिकता प्रदर्शित की जाए तो आशातीत परिणाम आ सकते हैं। ग्रामीण समाज वैसे भी सामूहिकता में विश्‍वास कर जीता है, इसलिए अगर वे इस बात को समझ लें कि अभी तक वे सामूहिक रूप से सिर्फ जीवनयापन का संघर्ष कर रहे हैं और अब उन्हें बेहतर जीवन के लिए संघर्ष करना है तो परिस्थितियां बदलते देर नहीं लगेगी।

बारां जिले की बालदा पंचायत समिति की सरपंच संतोष सहरिया ऐसी महिला जनप्रतिनिधि है, जिसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के तौर पर काम शुरु किया, निर्विरोध सरपंच चुनी गई। ग्रामीण क्षेत्र में उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों के आधार पर पिछले विधान सभा चुनावों में उनका नाम एक बड़े राजनैतिक दल के पैनल में रहा।


महिला नेतृत्व : आदर्श नेतृत्व


महिलाओं को पुरुषों की तुलना में आदर्श नेत्री मानने वालों में आउटलुक मासिक के संपादक नीलाभ मिश्र कहते हैं कि महिलाएं पुरुषों की तुलना में कम भ्रष्ट होती हैं, इसलिए विकास कार्यक्रमों के माध्यम से वे गांवों का ज्यादा विकास कर सकती हैं। आरक्षण के बाद मतदान में महिलाओं का प्रतिशत भी बढ़ा है। ग्रामीण समाज अब लिंग भेद को लेकर सजग हो रहा है। खुद महिलाओं की आत्म छवि बदल रही है। अब गांवों में पढ़ी-लिखी महिलाओं को चुनाव में प्रमुखता दी जाने लगी है और जब ऐसी महिलाएं राजनीति में आएंगी तो निश्चित रूप से ग्रामीण भारत का परिदृश्‍य पूरी तरह बदल जाएगा। जिस तरह घर में एक महिला सबका बराबर ध्यान रखती है, उसी तरह ग्राम समाज में वह जनप्रतिनिधि के तौर पर तमाम किस्म के भेदभावों से उपर उठकर समग्र और समरूप विकास के बारे में सोच सकती है। नीलाभ कहते हैं, चूंकि एक बार महिलाओं के राजनीति में आने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है इसलिए अब पीछे जाना संभव नहीं है। आगे का भविष्य अब पूरी तरह महिला जन प्रतिनिधियों के हाथ में होगा। सरपंच पति या प्रॉक्सी सरपंच जैसे जुमले ग्रामीण राजनीति से धीरे-धीरे गायब हो रहे हैं और एक-दो चुनावों के बाद ये इतिहास में समा जाएंगे।

यह आलेख डेली न्‍यूज़, जयपुर के रविवारीय परिशिष्‍ट 'हम लोग' में 17 जनवरी, 2010 को प्रकाशित हुआ।

Sunday, 3 January 2010

कविता : होटल के इस कंबल में


जब भी किसी होटल में ठहरता हूं तो स्‍नानघर या ड्रेसिंग टेबल के आईने पर चिपकी बिंदियां उस कमरे को घर बना देती हैं। अगर किसी होटल में यह सब ना हो तो लगता है, यह होटल कम चलता है या यहां साफ-सफाई का खास खयाल रखा जाता है। राजेश जोशी ने जयपुर के स्‍वीट ड्रीम होटल में एक शानदार कविता लिखी थी। ऐसा किसी भी कवि के साथ हो सकता है, कविता कभी भी और कहीं भी सूझ सकती है।
दिसंबर, 2005 की एक सुबह दिल्‍ली के एक होटल में सुबह की दूसरी पारी की नींद से जागते हुए जो वाकया घटा, उसने इस कविता को जन्‍म दिया। अब तक इस कविता को मैंने तीन जगह पढ़ा और तीनों बार ही इस पर खासी दाद मिली। पहली बार कराची की कल्‍चर स्‍ट्रीट पर, दूसरी बार माउण्‍ट आबू के शरद समारोह में और अभी 1 जनवरी, 2009 को जयपुर में एक काव्‍य गोष्‍ठी में। हमेशा की तरह मैं इस कविता को लेकर भी कुछ सशंकित हूं। पाठक और मित्रगण बताएं कि कैसी है यह कविता।

न जाने किसका है यह
नर्म, रेशमी, लंबा, सुनहरा बाल
जो होटल के इस कंबल में
मेरे चेहरे और कपड़ों में उलझ गया है

बहुत आहिस्‍ता से
सुलझाया है मैंने इसे
ताकि टूटे नहीं
एक बार टूटे हुए को
दोबारा तोड़ना कोई अच्‍छी बात नहीं

इस बाल की रंगत
और खुश्‍बू बताती है
यह ज़रूर किसी दुल्‍हन का होगा
तो क्‍या यह कंबल
किसी प्रेम का साक्षी रहा है

इस सर्द सुबह में
एक अकेले पुरुष को
कितना गर्म अहसास दे गया है
यह नर्म, रेशमी, लंबा, सुनहरा बाल

इस बाल का इकबाल बुलंद रहे
उस दुल्‍हन की मुहब्‍बत बुलंद रहे